4.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष दशमी / एकादशी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 4 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२३ वां* सार -संक्षेप

 आपने करम करि, हौं ही निबहौंगो तोपै,

हौं ही करतार, करतार तुम काहे के॥


प्रकृति के गुणों द्वारा ही समस्त कर्म होते हैं, किन्तु अहंकार से मोहित मनुष्य स्वयं को कर्ता मान लेता है। ईश्वर की सत्ता को स्वीकार करना और अपने कर्मों के उत्तरदायित्व से बचना, दोनों एक बात नहीं हैं। सच्चा समर्पण अहंकार छोड़ता है, पुरुषार्थ नहीं।

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष दशमी / एकादशी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार 4 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२३ वां* सार -संक्षेप

समुझत सरिस नाम अरु नामी। प्रीति परसपर प्रभु अनुगामी॥

नाम रूप दुइ ईस उपाधी। अकथ अनादि सुसामुझि साधी॥


नाम और रूप, दोनों ही उस परमात्मा की उपाधियाँ अर्थात् पहचान कराने के माध्यम हैं। परमात्मा स्वयं अनिर्वचनीय, अनादि और अनन्त है l नाम और रूप के माध्यम से हम उस अगम, अगोचर परमात्मा से जुड़ते हैं। भगवान का नाम केवल उच्चारण मात्र नहीं, बल्कि प्रभु तक पहुँचने और उनकी कृपा प्राप्त करने का अत्यन्त सहज एवं प्रभावशाली माध्यम है। मनुष्य श्रद्धापूर्वक,प्रेमपूर्वक, अनजाने में, किसी प्रसंगवश अथवा किसी भी भाव से प्रभु का नाम ले, वह नाम अपना मंगलकारी प्रभाव अवश्य छोड़ता है। यह नाम रूपात्मक जगत् वास्तव में अद्भुत है l किसी नाम को सुनते ही मन में अपार श्रद्धा, प्रेम और आत्मीयता उमड़ पड़ती है, तो किसी दूसरे नाम का स्मरण होते ही भय, आशंका या घृणा उत्पन्न हो जाती है।

यह नाम की अद्भुत शक्ति है कि वह केवल किसी व्यक्ति या वस्तु का परिचय नहीं कराता, बल्कि हमारे मन में उससे जुड़े भावों, स्मृतियों और अनुभूतियों को भी जाग्रत कर देता है। जब हम  भगवान राम का नाम लेते हैं तो केवल एक नाम का उच्चारण नहीं करते, बल्कि उनके आदर्शों का स्मरण करते हैं। जब हम उनके स्वरूप का ध्यान करते हैं तो केवल एक आकृति का ध्यान नहीं करते, बल्कि उनके शौर्य, पराक्रम,तप, त्याग,करुणा, मर्यादा,देश और समाज के लिए सदैव उन्मुख जीवन का चिंतन करते हैं।

“स्वतन्त्रता का कवच पहन

विश्वास जमाकर भाला में।

कूद पड़ा राणा प्रताप उस

समर-वह्नि की ज्वाला में॥”


हमारे हृदय में भी मातृभूमि के प्रति अगाध प्रेम, स्वाभिमान और समर्पण का भाव होना चाहिए। भारत माता की स्वतंत्रता, एकता, अखण्डता और गौरव की रक्षा के लिए हम भी अपना सर्वस्व अर्पित करने को तत्पर रहें। हमारा जीवन केवल अपने लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र की सेवा और उत्थान के लिए समर्पित हो। हम जाग्रत हों और अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक रुके नहीं l 


इसके अतिरिक्त कविता और गद्य में क्या अन्तर है, लक्ष्मण -गीता का उल्लेख क्यों हुआ जानने के लिए सुनें l