22.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष त्रयोदशी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 22 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९४१ वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष  त्रयोदशी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  22 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९४१ वां* सार -संक्षेप



रामकथा का वर्णन करना एक व्यापक विषय है l रामकथा की अलौकिकता, अनन्तता और व्यापकता अवर्णनीय है l

जेहिं यह कथा सुनी नहिं होई। जनि आचरजु करै सुनि सोई॥

कथा अलौकिक सुनहिं जे ग्यानी। नहिं आचरजु करहिं अस जानी॥

रामकथा कै मिति जग नाहीं। असि प्रतीति तिन्ह के मन माहीं॥

नाना भाँति राम अवतारा। रामायन सत कोटि अपारा॥

गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि जिसने पहले कभी इस कथा को नहीं सुना, वह यदि इसे सुनकर आश्चर्यचकित हो जाए तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है। क्योंकि रामकथा सामान्य लौकिक घटनाओं का वर्णन नहीं, अपितु परमात्मा की दिव्य लीलाओं, उनके स्वरूप और उनकी असीम महिमा का आख्यान है।


किन्तु जो ज्ञानीजन इस कथा के मर्म को समझते हैं, वे इसे सुनकर आश्चर्य नहीं करते। उनके मन में यह दृढ़ विश्वास है कि भगवान श्रीराम की महिमा, उनकी लीलाओं और उनके अवतारों की कोई सीमा नहीं हो सकती। जिस परम सत्ता का स्वरूप ही अनन्त है, उसकी कथा को किसी सीमा में कैसे बाँधा जा सकता है?

 भगवान श्रीराम की लीलाएँ अनन्त हैं, उनके अवतार अनेक हैं और प्रत्येक अवतार में लोककल्याण का कोई न कोई दिव्य प्रयोजन निहित है। इसीलिए रामायण की सौ करोड़ से भी अधिक अपार कथाएँ कही गई हैं। इस आधार पर हम कह सकते हैं कि अपनी संस्कृति मात्र पांच हजार वर्ष ही पुरानी नहीं है l हर कल्प में रामावतार होता है इसे स्पष्ट करते हुए आचार्य जी ने हनुमान जी से संबन्धित एक प्रसंग सुनाया जब हनुमान जी मां सीता को मुद्रिका को दिखाकर एक आश्रम में विश्राम के लिए रुके तो उन्हें कमण्डल में पड़ी अनेक मुद्रिकाओं में से अपनी मुद्रिका लेने को कहा गया l 

वास्तव में रामकथा केवल सुनने का विषय नहीं, अपितु अनुभूति और आत्मचिन्तन का विषय है। राम के चरित्र, आदर्श, करुणा, मर्यादा, प्रेम और लोकमंगल की भावना को जितना समझने का प्रयास करते हैं, उतने ही उनके दिव्य स्वरूप के नए आयाम उद्घाटित होते जाते हैं l 

अस बिचारि प्रगटउँ निज मोहू। हरहु नाथ करि जन पर छोहू॥

राम नाम कर अमित प्रभावा। संत पुरान उपनिषद गावा॥

कथा के अनुसार महर्षि भारद्वाज ने परम विवेकी मुनि याज्ञवल्क्य के चरण पकड़कर उन्हें अपने पास रोक लिया था l

भारद्वाज जी अपने मन का संशय और अज्ञान प्रकट करते हुए याज्ञवल्क्य जी से प्रार्थना करते हैं कि हे नाथ! मुझ सेवक पर कृपा करके मेरा मोह दूर कीजिए। उनका भ्रम दूर होता है l

श्रीराम कोई साधारण मनुष्य नहीं हैं, बल्कि वे स्वयं परमब्रह्म, अजन्मा, अनादि और सर्वव्यापक परमात्मा हैं, जो भक्तों पर कृपा करने तथा धर्म की स्थापना के लिए मनुष्य रूप में अवतरित होते हैं।

यह रामत्व परमात्मा का विशेष वरदान है और यह मनुष्य को ही प्राप्त होता है तो सबसे पहले हम अपने मनुष्यत्व की अनुभूति करें और उसके आधार पर अपना कार्य व्यवहार करें l

इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने प्रभाकर जी का नाम क्यों लिया, संत रविदास जी का उल्लेख क्यों हुआ जानने के लिए सुनें l

21.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वादशी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 21 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९४० वां* सार -संक्षेप

 ब्रह्म निरूपन धरम बिधि बरनहिं तत्त्व बिभाग।

कहहिं भगति भगवंत कै संजुत ग्यान बिराग॥ ४४॥


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष  द्वादशी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  21 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९४० वां* सार -संक्षेप


ओ मानव तनिक विचार करो 

हम कौन कहां से आए हैं 

कब कहां यहां से जाएंगे 

आना जाना कब तक होगा 

कब क्या क्या हम कहलाएंगे 

स्थिर हो तनिक विचार करो l

आचार्य जी इन सदाचार वेलाओं के माध्यम से हमसे यह अपेक्षा रखते हैं कि जीवन की क्षणभंगुरता में हमारे भीतर आत्मस्वरूप की जिज्ञासा जाग्रत हो, आनन्दमय जीवन जीने के लिए परमात्मा द्वारा रचे इस नाट्यमञ्च में भावनात्मक संबन्धों की महत्ता को हम जानें साथ ही हम अस्तित्व के शाश्वत सत्य की खोज का प्रयास भी करें l शरीर नश्वर है हम नहीं किन्तु यह समझना इतना सरल नहीं इसलिए आचार्य जी परामर्श देते हैं कि हम नित्य  प्रातःकाल शीघ्र जागरण करें, अध्ययन स्वाध्याय चिन्तन मनन लेखन करें l

मनुष्य  ब्रह्म की तरह सर्वशक्तिमान नहीं है, किन्तु अपनी शक्ति को पहचानकर, सतत प्रयास और आत्मविश्वास के माध्यम से असम्भव को भी सम्भव बनाने की क्षमता रखता है जिस प्रकार भगवान राम ने उदाहरण प्रस्तुत किया 


रामहि सुमिरिअ गाइअ रामहि। संतत सुनिअ राम गुन ग्रामहि॥3॥

यही संसार का सार है यह रामात्मकता अद्भुत है जो हमारे भीतर बल संप्रेषित करती है हमें सार का ज्ञान तो कराती ही है कर्तव्य का बोध भी सुझाती है l हमारा कर्तव्य है कि हम समाजोन्मुखी होकर अपने राष्ट्र को परम वैभव पर पहुंचाएं l


इसके अतिरिक्त आचार्य जी के अध्यापक मानस मर्मज्ञ श्री पं निशानाथ दीक्षित जी का उल्लेख क्यों हुआ , सुभाष नेशनल डिग्री कालेज बाद में किस नाम से प्रसिद्ध हुआ,आचार्य जी कल कहां गये थे, आचार्य जी ने आज रामकथा में क्या बताया जानने के लिए सुनें l

20.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष दशमी / एकादशी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 20 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३९ वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष  दशमी / एकादशी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  20 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३९ वां* सार -संक्षेप


हम मनुष्यत्व की अनुभूति करते हुए उत्साहित और प्रफुल्लित रहें, देवत्व को पार कर ईश्वरत्व की अनुभूति तक पहुँचें। इन सदाचार वेलाओं का उद्देश्य यही है। ‘मैं कौन हूँ, वह कौन है?’ इस गूढ़ रहस्य का बोध ही ‘सोऽहम्’ की अनुभूति है—वह परम चेतना मुझमें भी विद्यमान है। यह आत्मबोध हमें अद्भुत शक्ति और अवर्णनीय आनंद से भर देता है।यही आत्मबोध गोस्वामी तुलसीदास जी को भी हुआ l

गोस्वामी तुलसीदास जी केवल श्रेष्ठ ज्ञानी और भक्तिकाल के महान् कवि ही नहीं थे, अपितु वे भक्ति के साकार विग्रह, समाजसेवी, भविष्यद्रष्टा और अद्भुत योद्धा भी थे। उनका शस्त्र स्वाति नहीं, बल्कि उनके भाव, विचार, शब्द और श्रीराम के प्रति अनन्य भक्ति थी।

जिस समय भारतीय समाज विदेशी आक्रान्ता अकबर के प्रभाव से भय, भ्रम में जी रहा था, समाज का एक बड़ा वर्ग अपनी सनातन परम्पराओं, मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना से दूर होता जा रहा था तथा अनेक लोग दुष्ट शक्तियों की चाकरी में स्वयं को धन्य समझने लगे थे, उस समय तुलसीदास जी ने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को जाग्रत करने का अद्भुत कार्य किया।


उन्होंने  भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाया, लोकभाषा में रामकथा का ऐसा अमृत प्रवाहित किया, जिसने समाज को अपनी जड़ों, अपनी आस्था और अपने सांस्कृतिक गौरव से पुनः जोड़ दिया। उन्होंने निराश समाज में आत्मविश्वास, भक्ति, मर्यादा और धर्मनिष्ठा का संचार किया।

तुलसीदास जी ने केवल श्रीरामचरितमानस की रचना नहीं की, अपितु भारतीय समाज की सुप्त चेतना को स्वर दिया। उन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अपने सांस्कृतिक ध्वज को ऊँचा रखा।

यही भारत का भारतीयत्व है, यही उसकी अमरता है और यही उसकी वास्तविक शक्तिमत्ता है।

इसके अतिरिक्त भैया अनुराग त्रिवेदी जो गंगा तट पर ध्वजारोहण करने जा रहे हैं का उल्लेख क्यों हुआ,चन्द्रिका देवी के मन्दिर की चर्चा क्यों हुई,आचार्य जी ने विस्तार से तीर्थराज प्रयाग के विषय में क्या क्या बताया, सत्संग क्या है जानने के लिए सुनें l

19.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष नवमी / दशमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 19 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३८ वां* सार -संक्षेप

 मैं अध्यात्म-शौर्य का मंगल गायक हूँ, 

मानव-जीवन का सुख-शान्ति प्रदायक हूँ। 

उत्पति पालन प्रलय कथा का ज्ञाता हूँ, 

निज जीवन का मैं ही भाग्यविधाता हूँ।

निर्माणों के लिए सदैव महारत हूँ, 

भारत हूँ, मैं भारत हूँ, मैं भारत हूँ।।


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष  नवमी / दशमी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  19 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३८ वां* सार -संक्षेप


हमारी भाषा, हमारी लिपि और हमारे ज्ञान-परम्परा के सूत्र अद्भुत हैं। भारत की संस्कृति, उसका दर्शन और उसका जीवन-बोध अपने आप में अनुपम है।हम तत्त्व, शक्ति, विश्वास,, संयम, साधना, सेवा हैं l ऐसी अद्भुत हमारी शिक्षा रही है जो हमें व्याकुलता से दूर करती है l दुर्भाग्य यह है कि हम लोगों में कुछ लोग कभी-कभी धन और भौतिक सुविधाओं की खोज में अपनी भूमि और परिवेश छोड़कर अन्यत्र बस जाते हैं। किन्तु वहाँ पहुँचकर भी उनके मन में एक रिक्तता और व्याकुलता बनी रहती है। इसी कारण आचार्य जी हम शिष्यों के लिए नित्य यही प्रयास करते हैं कि हम अपनी गौरवशाली परम्परा से संयुत रहें ताकि भटकें नहीं l


ॐ सह नाववतु।

सह नौ भुनक्तु।

सह वीर्यं करवावहै।

तेजस्विनावधीतमस्तु मा विद्विषावहै।

ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ॥

भारत गुरु और शिष्य का एक व्यावहारिक स्वरूप है l भारतीय गुरु-शिष्य परम्परा और आदर्श पितृत्व का एक अत्यन्त प्रेरणादायक सिद्धान्त है 

सर्वतो जयमन्विच्छेत् 

पुत्राच्छिष्यात् पराजयम्।


मनुष्य को संसार के सभी क्षेत्रों में विजय प्राप्त करने की इच्छा रखनी चाहिए, किन्तु अपने पुत्र और शिष्य से पराजित होने की इच्छा रखनी चाहिए। पिता और गुरु का ऐसा ही स्वभाव होना चाहिए l



हमारी वास्तविक सफलता इसमें नहीं है कि हमने जीवन में कितनी ऊँचाइयाँ प्राप्त कीं, अपितु इसमें है कि हमने अपने पश्चात् आने वाली पीढ़ी को हमसे भी अधिक ऊँचाइयों तक पहुँचने योग्य बनाया।

इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने हमारी युगभारती संस्था के लिए क्या विशेष परामर्श दिए,आचार्य रघुवीर, राहुल सांकृत्यायन जिनका मूलमंत्र  घुमक्कड़ी रहा का उल्लेख क्यों हुआ,हम जगत् के  प्राण कैसे हैं जानने के लिए सुनें l

18.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष नवमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 18 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३७ वां* सार -संक्षेप

 कातिक की राति थोरी-थोरी सियराति,

'सेनापति' है सुहाति, सुखी जीवन के गन हैं।

फूले हैं कुमुद, फूली मालती सघन बन,

फूलि रहे तारे मानो मोती अनगन हैं।

(रीतिकालीन कवि सेनापति के प्रसिद्ध ग्रंथ 'कवित्त रत्नाकर' के षट्ऋतु वर्णन 'शरद ऋतु' का एक अत्यंत लोकप्रिय छंद )



प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष  नवमी

(कूष्माण्ड नवमी / अक्षय नवमी / आँवला नवमी)


 विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  18 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३७ वां* सार -संक्षेप


आचार्य जी का नित्य प्रयास रहता है कि हम अपनी गौरवशाली परम्परा से जुड़े रहें, उसके ज्ञान, दर्शन और जीवन-मूल्यों को समझें तथा उन्हें अपने आचरण में स्थान दें। हमारा सनातन धर्म, हमारी ज्ञान-परम्परा, हमारा दर्शन और हमारा राष्ट्रबोध अद्भुत एवं विलक्षण हैं। हमारा ज्ञान धर्ममय है, जीवन को दिशा देने वाला है। आवश्यकता इस तथ्य की है कि हम इस अमूल्य धरोहर को विस्मृत न करें और यह परम्परा हमसे कभी छूटने न पाए।

इतने उत्थान-पतन, संघर्षों और प्रतिकूल परिस्थितियों के पश्चात् भी सनातन धर्म केवल जीवित ही नहीं,अपितु जाग्रत भी है। समय-समय पर यह नई ऊर्जा के साथ पुनः अभिव्यक्त होता रहा है। आज भी विभिन्न रूपों में इसका विस्तार हो रहा है। विश्व में इसके ज्ञान, दर्शन और जीवन-पद्धति के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है।

ऐसे समय में हमारा दायित्व और भी बढ़ जाता है कि हम अध्ययन,स्वाध्याय, चिन्तन, मनन,लेखन करें हम अपनी अर्पण समर्पण वाली यज्ञमयी संस्कृति,अपनी परम्परा को जानें, समझें, उस पर गर्व करें और उसके शाश्वत मूल्यों को अपने जीवन में उतारें। जैसे हम संकल्प करते समय कहते हैं 

ॐ विष्णुर्विष्णुर्विष्णुः श्रीमद्भगवतो महापुरुषस्य विष्णोराज्ञया प्रवर्तमानस्य अद्य ब्रह्मणो द्वितीयपरार्धे श्रीश्वेतवाराहकल्पे वैवस्वतमन्वन्तरे अष्टाविंशतितमे कलियुगे कलिप्रथमचरणे भूर्लोके जम्बूद्वीपे भरतवर्षे भारतखण्डे आर्यावर्तान्तर्गत-पुण्यक्षेत्रे...

आचार्य जी के ये नित्य प्रयास इसी सांस्कृतिक चेतना को जाग्रत रखने और अगली पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्त्वपूर्ण माध्यम हैं।


इसके अतिरिक्त शारदा और कालिन्दी कौन हैं, रौनक जी ने क्या भेजे, कार्तिक मास की क्या महत्ता है, स्वभाव से योगी कौन है,२६ से ३०  नवम्बर को होने वाले कार्यक्रम के लिए आचार्य जी ने क्या परामर्श दिया  जानने के लिए सुनें l

17.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष अष्टमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 17 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३६ वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष  अष्टमी ( गोपाष्टमी )विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  17 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३६ वां* सार -संक्षेप



भारतवर्ष ऋषियों की पावन भूमि है। यह केवल भौगोलिक सीमाओं में बँधा हुआ एक देश नहीं, अपितु ऋषियों के तप, त्याग, ज्ञान, साधना और दिव्य चिन्तन से निर्मित एक अद्भुत सभ्यता है। यहाँ ऋषि केवल आध्यात्मिक मार्गदर्शक ही नहीं रहे, अपितु समाज और राष्ट्र को दिशा देने वाले प्रखर दृष्टा भी रहे हैं। वे प्रसन्न होते हैं तो अपनी तपस्या, ज्ञान और आशीर्वाद से लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं और जब धर्म तथा मर्यादा का उल्लंघन होता है, तब उनका क्रोध भी लोकहित और धर्म की स्थापना का माध्यम बनता है। राजा वेन को अपदस्थ किए जाने का प्रसंग इसका एक महत्त्वपूर्ण उदाहरण है। यह बताता है कि भारतीय परम्परा में सत्ता निरंकुश नहीं थी; धर्म और लोकमंगल उससे भी ऊपर थे।

हमारी आर्ष परम्परा चिन्तन, मनन और निदिध्यासन की एक दीर्घ परम्परा है। यह मनुष्य को सत्य की अनुभूति तक पहुँचाती है। ब्रह्म और जीव, प्रकृति और पुरुष के बीच के संबन्ध का बोध कराने में ऋषियों की दृष्टि का अद्वितीय योगदान रहा है। ऋषि की कल्पनाशक्ति इतनी प्रखर होती है कि वह दृश्य जगत् से आगे बढ़कर अदृश्य और सूक्ष्म सत्यों का भी बोध कर लेता है।भारत की विशेषता यह भी है कि यहाँ जीवन को केवल मनुष्य तक सीमित करके नहीं देखा गया। सम्पूर्ण चराचर जगत्—पशु-पक्षी, जीव-जन्तु, वनस्पति, पर्वत, नदियाँ और प्रकृति के प्रत्येक तत्त्व—को महत्त्वपूर्ण स्थान दिया गया है l इसी भावभूमि में गौ को अत्यन्त पवित्र और पूजनीय स्थान प्राप्त हुआ। गौ केवल एक पशु नहीं, अपितु भारतीय जीवन-दर्शन में मातृत्व, पोषण, करुणा, समृद्धि और त्याग की प्रतीक है। उसका महत्त्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पारिवारिक जीवन और पर्यावरणीय सन्तुलन से भी संयुत है।

धेनु रूप धरि हृदयँ बिचारी। गई तहाँ जहँ सुर मुनि झारी॥

निज संताप सुनाएसि रोई। काहू तें कछु काज न होई॥

इस प्रसंग में गौ का रूप अत्यन्त अर्थपूर्ण है l

 दुर्भाग्यवश हममें से अधिकांश गौ को बोझ मानने लगे l हमें इस दृष्टिकोण से बचना चाहिए। 


इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने गोपद त्रिरात्र व्रत,गोपद्म व्रत, गोपाल नवमी, गोपाष्टमी की चर्चा क्यों की, दिनेश गुप्त जी के टाइपिंग स्कूल का उल्लेख क्यों हुआ, Federalism किस प्रसंग में आया जानने के लिए सुनें l

16.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष सप्तमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 16 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३५ वां* सार -संक्षेप

 चरन चोंच लोचन रंग्यो, चलै मराली चाल।

क्षीर नीर बिबरन समय, बक उघरत तेहि काल।।

यह दोहा बाहरी दिखावे और धोखे पर करारा प्रहार करता है। व्यक्ति चाहे कितना भी पाखंड या छल-छद्म कर ले, लेकिन जब वास्तविक परीक्षा या कठिन समय आता है, तो उसका असली चरित्र छिप नहीं पाता।


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष  सप्तमी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  16 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३५ वां* सार -संक्षेप


इन सदाचार वेलाओं के माध्यम से आचार्य जी हमारे भीतर उत्साह, सद्भाव और सद्प्रवृत्तियों के बीज बोते हैं। यह हमारा दायित्व है कि हम इनका पूरा लाभ उठाएँ। व्यक्त भावों को केवल सुनकर छोड़ न दें, अपितु उन पर विचार करें और उन्हें अपने आचरण एवं व्यवहार में उतारें। 


हमारे देश भारत का ज्ञान-विज्ञान अत्यन्त अद्भुत, व्यापक और समृद्ध रहा है  किन्तु दुर्भाग्य है कि हममें से अधिकांश लोग  अज्ञानता वश अपनी इस गौरवशाली ज्ञान-परम्परा को विस्मृत करते जा रहे हैं। यह विस्मृति हमारे लिए चिन्ता का विषय है। हमें इस स्थिति को परिवर्तित करने के लिए अपने स्तर से अवश्य प्रयास करने चाहिए। अपनी प्राचीन ज्ञान-सम्पदा का अध्ययन करें, उसे समझें, उसके महत्त्व को आत्मसात् करें और उसे वर्तमान पीढ़ी तक पहुँचाएँ।

गंगा, गीता और गायत्री को अपनी जीवनधारा, जीवन-दृष्टि और साधना का आधार मानने वाले इस देश, जिसे किसी भी पंथ के व्यक्ति से कभी द्रोह नहीं रहा, में पूर्णतः अंधकार न कभी हुआ है और न कभी होगा। हम सब उस अंधकार में जलते हुए ऐसे दीपक हैं, जो कितना प्रकाश फैला रहे हैं, इसका आकलन तो समय ही करेगा; किन्तु हमारा प्रकाश कम-से-कम लोगों को ठोकर खाने से बचा सकता है।

यह हमारा दायित्व है कि हम अपने अस्तित्व और व्यक्तित्व को सद्गुणों, संस्कारों, ज्ञान और सत्कर्मों से प्रकाशित करें। यदि हम स्वयं नहीं जलेंगे, अपने आचरण से प्रकाश नहीं फैलाएँगे, तो हम भी मार्ग में पड़ी उस वस्तु के समान हो जाएँगे, जिससे लोग ठोकर खाकर गिरते हैं।

अतः हमारा दायित्व केवल अंधकार की चर्चा करना नहीं, अपितु अपने हिस्से का दीपक जलाना है।

इसके अतिरिक्त जवानी कविता द्वारा आचार्य जी ने किन भावों को व्यक्त किया,कामधेनु तन्त्रम् में किस पटल में म और र की चर्चा है,ओमान में खेले गए अंडर -१९  क्रिकेट एशिया कप फाइनल में भारत की जीत के उल्लेख में आचार्य जी ने क्या बताया,जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी के कथा वाचन को सुनने का सौभाग्य २०२७ में हमें कहां मिल सकता है,देश सेवा क्या है जानने के लिए सुनें l

15.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष षष्ठी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 15 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३४ वां* सार -संक्षेप

 द्यावापृथिव्योरिदमन्तरं हि व्याप्तं त्वयैकेन दिशश्च सर्वाः।

दृष्ट्वाद्भुतं रूपमुग्रं तवेदं लोकत्रयं प्रव्यथितं महात्मन्॥ २०॥


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष  षष्ठी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  15 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३४ वां* सार -संक्षेप


पृथ्वी सूक्त (भूमि सूक्त) अथर्ववेद के द्वादश काण्ड का प्रथम सूक्त है। इसमें पृथ्वी को माता और स्वयं को उसका पुत्र मानकर उसके प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता, संरक्षण एवं राष्ट्रनिष्ठा का अद्भुत भाव व्यक्त किया गया है।

इस सूक्त का मन को सहज ही स्पर्श कर लेने वाला सर्वाधिक प्रसिद्ध मन्त्र है—

माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः। — अथर्ववेद १२.१.१२

अर्थात् पृथ्वी मेरी माता है और मैं पृथ्वी का पुत्र हूँ।

इस एक मन्त्र के आधार पर ही हमें यह स्पष्ट हो जाना चाहिए कि पृथ्वी केवल हमारे उपभोग और उपयोग की वस्तु नहीं है।  उसके साथ हमारा सम्बन्ध किसी उपभोक्ता और उपभोग्य वस्तु का नहीं, बल्कि माता और पुत्र का है। माता से हम केवल लेते नहीं हैं, उसके प्रति अपना दायित्व भी समझते हैं। उसके संरक्षण, संवर्धन और गौरव की चिन्ता करते हैं।

पृथ्वी हमें अन्न, जल, वायु, औषधियाँ, वनस्पतियाँ और जीवन के लिए आवश्यक समस्त साधन प्रदान करती है। उसके कण-कण में हमारे जीवन का पोषण निहित है। अतः उसके संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना, उसकी प्राकृतिक सम्पदा को सुरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों के लिए उसे और अधिक समृद्ध छोड़ना हमारा कर्तव्य है।

यही भाव जब अपनी जन्मभूमि भारतभूमि के प्रति जाग्रत होता है, तब भूमि का सम्बन्ध केवल भौगोलिक सीमा तक सीमित नहीं रहता। वह हमारी संस्कृति, संस्कार, इतिहास, परम्परा, पूर्वजों के त्याग, ऋषियों के तप और असंख्य महापुरुषों के जीवन-साधना से जुड़ जाता है। 

इसलिए भारतभूमि के प्रति हमारा भाव  अपने कर्तव्यों का निर्वाह करने का होना चाहिए। हमें उसकी प्रकृति, संस्कृति, परम्परा और गौरव की रक्षा करना तथा अपने आचरण, पुरुषार्थ और सेवा से उसे समृद्ध बनाना ही चाहिए l यह शिव,राम और कृष्ण की भूमि है अतः हमें व्याकुल नहीं होना चाहिए हमें तो शक्ति, शौर्य और पराक्रम की अनुभूति करनी चाहिए l दैवासुर संग्राम लगातार चल रहा है l हमें अपने मनुष्यत्व, तत्व, विश्वास की अनुभूति करते हुए कर्तव्य का पालन करना चाहिए l 

हमारा राष्ट्र सुरक्षित रहे, समृद्ध बने और परम वैभव को प्राप्त करे—यह केवल अपेक्षा नहीं, हमारा जीवन-संकल्प होना चाहिए l 

इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने परिवार भाव का आनन्द किस प्रकार लेना स्पष्ट किया, २६ से ३० नवम्बर तक चलने वाले आध्यात्मिक मेले का उल्लेख क्यों हुआ जानने के लिए सुनें l

14.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष पञ्चमी / षष्ठी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 14 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३३ वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष पञ्चमी / षष्ठी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  14 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३३ वां* सार -संक्षेप


भारत की प्राचीन शिक्षा-पद्धति विश्व में अद्वितीय रही है। उसका उद्देश्य केवल आजीविका अर्जित करना नहीं, अपितु मनुष्य का सर्वांगीण निर्माण करना था। वह मनुष्य को मनुष्य के रूप में जन्म लेने की महत्ता का बोध कराती थी तथा उसके भीतर मनुष्यत्व की अनुभूति जाग्रत करती थी। वह सिखाती थी कि मनुष्य होना केवल एक शारीरिक अस्तित्व नहीं, बल्कि विवेक, संवेदना, करुणा, त्याग, सेवा और कर्तव्यबोध से युक्त जीवन जीना है।

यहाँ शिक्षा के माध्यम से व्यक्ति को अपार शक्ति युक्त भावना से सम्पन्न,ज्ञानवान, चरित्रवान, स्वावलम्बी, संयमी, कर्तव्यनिष्ठ और समाज के प्रति उत्तरदायी बनाया जाता था।उसका लक्ष्य केवल एक सफल व्यक्ति बनाना नहीं, अपितु एक श्रेष्ठ मनुष्य और समाजोपयोगी व्यक्तित्व का निर्माण करना था। यही कार्य दीनदयाल विद्यालय ने किया जिसके कारण हमारा जीवन खंडित और दिशाहीन नहीं हो पाया l भारतभूमि में जन्म लेना एक महान सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और नैतिक परम्परा से जुड़ने का सौभाग्य है। ऐसे देश में जन्म लेकर भी यदि हमारा जीवन खण्डित, दिशाहीन और केवल व्यक्तिगत स्वार्थों तक सीमित रह जाए, तो यह हमारे जन्म की सार्थकता पर प्रश्नचिह्न लगाता है l वर्तमान शिक्षा नौकरी प्राप्त करने और अधिकाधिक धन अर्जित करने तक सीमित है।परिणामतः व्यक्ति की बौद्धिक उन्नति तो हो रही है, किन्तु जीवन के अन्य आयाम उपेक्षित रह जाते हैं। हमें भी अपने बच्चों को इस प्रकार संस्कारित करना है कि वे संपूर्ण मनुष्य बन सकें l 


इसके अतिरिक्त भैया विभास जी कल उन्नाव क्यों गये थे,एक बहुत बड़े पेड़ को देखकर उसे चने का पेड़  कौन समझ बैठा, शीशम की दुर्दशा पर किसे आपत्ति हुई, गन्ने के खेत वाला क्या प्रसंग था, रजत शर्मा का उल्लेख क्यों हुआ, अपने कर्तृत्व की यशस्विता त्यागना क्यों लाभकारी है जानने के लिए सुनें l

13.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष चतुर्थी / पञ्चमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 13 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३२ वां* सार -संक्षेप

 भरत चरित करि नेमु तुलसी जो सादर सुनहिं।

सीय राम पद पेमु अवसि होइ भव रस बिरति॥


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष चतुर्थी / पञ्चमी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  13 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३२ वां* सार -संक्षेप


परमात्मा जो कुछ करता है, हमारे कल्याण के लिए ही करता है। उसकी प्रत्येक व्यवस्था के पीछे कोई न कोई शुभ उद्देश्य निहित होता है। हमें यह भाव रखना चाहिए कि सब कुछ परमात्मा की इच्छा और कृपा से हो रहा है।जब हम यह मानने लगते हैं कि सब कुछ हम ही कर रहे हैं, हमारे ही प्रयासों से हो रहा है, तब अहंकार जन्म लेता है और परिस्थितियाँ हमारे मन के अनुकूल न होने पर उलझनें उत्पन्न होने लगती हैं।

अतः हमारा भाव यह हो कि कर्ता परमात्मा है, हम तो उसके निमित्त मात्र हैं। हमें अपना कर्तव्य पूरी निष्ठा से करते हुए परिणाम को उसकी इच्छा पर छोड़ देना चाहिए l जो परमात्मा करता है, अच्छा ही करता है; हमारी सीमित बुद्धि तत्काल उसका मर्म नहीं समझ पाती। यही तो दिव्य भारत का चिन्तन है जिसका अतीत स्वर्णिम रहा है। इसके इतिहास में शौर्य, पराक्रम, त्याग, तपस्या और विजय की असंख्य गौरवगाथाएँ अंकित हैं। इसकी ज्ञान-परम्परा, जीवन-दृष्टि और सांस्कृतिक चेतना सम्पूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक बनने की क्षमता रखती हैं।

समस्त विश्व भारत की ओर आशा और अपेक्षा से देख रहा है और उसे देखना भी चाहिए, क्योंकि केवल भारत के पास सम्पूर्ण विश्व के कल्याण का विचार और सामर्थ्य  है इसकी आर्ष परम्परा अद्भुत एवं कल्याणकारी है। यह परम्परा मनुष्य के सर्वांगीण कल्याण का सामर्थ्य रखती है। यह मनुष्य को मनुष्यत्व का बोध कराती है। यह बताती है कि हम जितना अधिक संसार के प्रपंचों में लिप्त रहेंगे उतना ही व्याकुल रहेंगे, द्रष्टा भाव रखें,थोड़ा समय स्वाध्याय, आत्मचिन्तन, मनन और ध्यान के लिए निकालें, ताकि हम अपने भीतर विद्यमान परमात्म तत्त्व को पहचान सकें,अपने भीतर सुभावों और सद्प्रवृत्तियों को कभी छूटने न दें तथा कुभावों और दुर्वृत्तियों से सदैव सावधान रहें।

इसके अतिरिक्त भैया त्रिलोचन जी, भैया अजय कृष्ण जी, लाल कृष्ण अडवाणी जी का उल्लेख क्यों हुआ, मानस कथा में भरत जी का कौन सा प्रसंग आचार्य जी ने बताया, किसने असामान्य धीरज प्रकट किया जानने के लिए सुनें l

12.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष तृतीया / चतुर्थी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 12 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३१ वां* सार -संक्षेप

 भयं क्रोधमथालस्यमतिस्वप्नातिजागरम्।

अत्याहारमनाहारं नित्यं योगी विवर्जयेत् ॥ २८ ॥


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष तृतीया / चतुर्थी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  12 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३१ वां* सार -संक्षेप


परमात्मा की लीलाएँ अद्भुत, अनन्त और अगम्य हैं। जब-जब कलुष, विकार और अज्ञान का अन्धकार बढ़ने लगता है तथा धर्म, संस्कृति और मानवीय मूल्यों पर संकट के बादल मँडराने लगते हैं, तब-तब परमात्मा इस पुण्यभूमि भारतवर्ष में ऐसे महापुरुषों को जन्म देता है, जो अपने अद्भुत कर्तृत्व, त्याग, तपस्या, शौर्य और पराक्रम से समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।


गुरु गोविन्द सिंह जी, छत्रपति शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप, स्वामी विवेकानन्द, गोस्वामी तुलसीदास, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी आदि असंख्य महापुरुष इसी दिव्य परम्परा के उज्ज्वल नक्षत्र हैं। किसी ने शौर्य और पराक्रम से धर्म एवं स्वाभिमान की रक्षा की, किसी ने अपने ज्ञान और साधना से समाज को जाग्रत किया, तो किसी ने संगठन और राष्ट्रचेतना का अलख जगाया। अद्भुत है हमारी ऋषि-परम्परा! यह एक सतत प्रवाहमान चेतना है, जो युग की आवश्यकता के अनुरूप महापुरुषों के माध्यम से प्रकट होती रहती है। यही भारत की सनातन शक्ति है, यही उसकी चिरन्तन विशेषता है।


ऐसी अद्भुत ऋषि-परम्परा वाली पुण्यभूमि में हमारा जन्म हुआ है, यह निश्चित ही परमात्मा की असीम कृपा है। इस सौभाग्य का बोध करते हुए हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम भी अपने श्रेष्ठ विचारों और सत्कर्मों के माध्यम से संसार की समस्याओं के समाधान में अपना योगदान देते चलें। अपने कर्तृत्व से समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी बनें,आहार विहार वाणी व्यवहार पर समुचित ध्यान दें,यश और कीर्ति अर्जित करने का प्रयास करें तथा जीवन में जो कुछ श्रेष्ठ, सार्थक और कल्याणकारी है, उसका आनन्द ग्रहण करें।


इसके अतिरिक्त अमृतनादोपनिषद् जो कृष्ण यजुर्वेद शाखा से संबंधित एक प्रमुख  उपनिषद है, जिसे बीस 'योग उपनिषदों' में गिना जाता है, का उल्लेख क्यों हुआ,भैया विवेक भागवत जी, भैया प्रवीण भागवत जी, भैया पंकज श्रीवास्तव जी,भैया मुकेश जी,श्रद्धेय ठाकुर चन्द्रपाल सिंह जी की चर्चा क्यों हुई,आनन्दमय जीवन को आचार्य जी ने कैसे परिभाषित किया, संगठन क्या है, शरीर बोझ कब बन जाता है जानने के लिए सुनें

11.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया / तृतीया विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 11 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३० वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया / तृतीया विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  11 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३० वां* सार -संक्षेप


हम औपचारिकता निभाते हुए इन सदाचार वेलाओं को केवल सुनने तक सीमित न रखें, अपितु एकाग्रचित्त होकर इनके भावों को आत्मसात् करें। श्रवण के पश्चात् उन भावों पर गम्भीरतापूर्वक विचार-मन्थन करें और उन विचारों को अपने आचरण एवं व्यवहार में उतारने का सतत् प्रयास करें।

जब हम अपने भीतर बैठे परमात्मा का साक्षात्कार करने लगेंगे , जब हम चिदानन्द रूपः शिवोऽहं शिवोऽहम् कहेंगे,तब हमारा दृष्टिकोण परिवर्तित हो जाएगा और हमारा जीवन केवल अपने सुख तक सीमित न रहकर परिवार, समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित होने लगेगा l तुलसीदास जी ने यही उस समय समझाया जब कुटिल अकबर ने हमारे सनातन धर्म और सांस्कृतिक परंपराओं को व्यापक रूप से क्षति पहुंचाई और हम उसे स्वीकार करते रहे क्योंकि हमारे हिन्दू धर्म का स्वभाव मूलतः समावेशी, उदार एवं आत्मसात् करने वाला रहा है। इसकी विशेषता रही है कि इसने अपने से भिन्न विचारों और मान्यताओं के प्रति भी संवाद एवं सह-अस्तित्व का भाव रखा है।

तुलसीदास जी का कवित्व तात्विक रूप से जाग्रत हुआ और उन्होंने राष्ट्रभक्त हिन्दू समाज को पथभ्रष्ट होने से बचा लिया l 

संभु प्रसाद सुमति हियँ हुलसी। रामचरितमानस कबि तुलसी॥

करइ मनोहर मति अनुहारी। सुजन सुचित सुनि लेहु सुधारी॥

श्रीरामचरितमानस समाज को जाग्रत करने का एक अद्भुत ग्रंथ है इस जागृति में यह स्पष्ट किया गया है कि हम पराधीन वृत्ति के नहीं हैं हमने पराधीनता कभी नहीं स्वीकारी l

इसके अतिरिक्त विनय पत्रिका के ५८ वें छंद की क्या विशेषता है,दीनदयालु गिरि (१८०२ - १८६५ ई.),जो हिंदी के काव्यगमन में  एक ऐसे नक्षत्र हैं जो अपने अन्योक्तिप्रकाश के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध हैं,का उल्लेख क्यों हुआ, समाज के प्रिय हम कैसे बन सकते हैं जानने के लिए सुनें l

10.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा / द्वितीया विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 10 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२९ वां* सार -संक्षेप

 रामकथा कलि कामद गाई। सुजन सजीवनि मूरि सुहाई॥

सोइ बसुधातल सुधा तरंगिनि। भय भंजनि भ्रम भेक भुअंगिनि॥


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा / द्वितीया विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  10 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२९ वां* सार -संक्षेप

जब राजा वेन ने अत्याचार और निरंकुशता की समस्त सीमाएँ लाँघ दीं, तब समाज के मनीषी ऋषि-मुनि मूकदर्शक बनकर नहीं बैठे। वे प्रत्यक्ष राजनीति से दूर थे, किन्तु राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों के प्रति पूर्णतः सजग थे। उनकी तटस्थता निष्क्रियता नहीं थी और उनका राजनीति से दूर रहना कायरता नहीं था। वे बुद्धि, तप और नैतिक सामर्थ्य से इतने प्रखर थे कि उन्होंने अपने हुंकार मात्र से अत्याचारी वेन का अंत कर दिया और पृथु को राजसत्ता सँभालने का अवसर प्रदान किया। जब समाज में अत्याचार, अनाचार और अधर्म बढ़ने लगें, तब हमें हाथ पर हाथ धरकर मूकदर्शक नहीं बने रहना चाहिए। अपनी शक्ति,सामर्थ्य,

सुयोग्यता,विवेक,संगठित बल के साथ अन्याय के प्रतिकार के लिए आगे आना ही हमारा सामाजिक एवं नैतिक दायित्व है l यही कार्य गोस्वामी तुलसीदास जी ने किया l १५५६ ई. में मात्र तेरह वर्ष की आयु में अकबर मुगल सिंहासन पर बैठा। प्रारम्भिक चार वर्षों तक बैरम खाँ उसका संरक्षक एवं शासन-संचालक रहा। अकबर ने १६०५ ई. तक शासन किया। इस कालखण्ड में दुष्ट अकबर के कारण भारत की सनातन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परम्पराओं को अनेक प्रकार की चुनौतियों और आघातों का सामना करना पड़ा। 

 ऐसे संक्रमणकाल में गोस्वामी तुलसीदास जी ने श्रीरामचरितमानस की रचना करके भारतीय समाज की सांस्कृतिक चेतना को एक नया आधार दिया। यह रामकथा केवल कथा अथवा मनोरंजन का साधन नहीं, अपितु जीवन को संवारने वाली दिव्य शक्ति है। यह समस्त सद् मनोरथों को पूर्ण करती है, सुप्त चेतना को जाग्रत कर जीवन में नवचैतन्य भरती है l जन्म-मरण के भय से मुक्ति देती है तथा  अज्ञान, मोह और भ्रमरूपी विकारों का समूल नाश करती है।

हम जब भी कोई कार्य अथवा परियोजना हाथ में लें, तो यह भाव मन में रखें कि यह कार्य हम अपनी इच्छा, अहंकार या व्यक्तिगत उपलब्धि के लिए नहीं कर रहे हैं, बल्कि कोई परमशक्ति हमसे यह कार्य करवा रही है। हम तो केवल उसके निमित्त और माध्यम हैं। हम परमात्मा की लीला का आनन्द लें  उसकी समीक्षा नहीं करें l

इसके अतिरिक्त किन भावों के कारण हम व्याकुल नहीं रहते, कल संपन्न हुए कार्यक्रम की समीक्षा में आचार्य जी ने क्या बताया, चित्रकूट के रामदर्शन का उल्लेख क्यों हुआ जानने के लिए सुनें l

9.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष अमावस्या / शुक्ल पक्ष प्रतिपदा विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 9 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२८ वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष अमावस्या / शुक्ल पक्ष प्रतिपदा विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  9 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२८ वां* सार -संक्षेप


इन सदाचार वेलाओं का उद्देश्य केवल ज्ञान का श्रवण कराना नहीं, अपितु हमारे भीतर संचित संसार के समस्त मालिन्य को दूर करना है, जिससे अंतःकरण में सुप्त आत्मबोध जाग्रत हो और हमारा वास्तविक स्वरूप प्रकाशित होने लगे।

आज के समय में इसकी आवश्यकता और भी बढ़ जाती है, क्योंकि भारतवर्ष में आज भी राक्षसत्व के बीज अंकुरित हो रहे हैं। राक्षसत्व अर्थात् मनुष्य के भीतर पनपने वाले वे आसुरी विकार, जो उसे स्वार्थ, अहंकार, अनाचार और संवेदनहीनता की ओर ले जाते हैं। 

इसी राक्षसत्व ने दीनदयाल जी की हत्या कर दी l  हम सभी की प्रेरणास्रोत एवं वात्सल्यमयी आदरणीया  बूजी (सुशीला नरेन्द्रजीत सिंह जी ) के मन में विचार आया कि दीनदयाल जी को शारीरिक रूप से समाप्त कर देने से उनके विचारों को समाप्त नहीं किया जा सकता।यदि एक दीनदयाल का जीवन छीन लिया गया है, तो ऐसे अनेक दीनदयाल तैयार किए जाएँ, जो उनके विचारों, संस्कारों और राष्ट्रनिष्ठा को लेकर आगे बढ़ें। इसी भावभूमि पर हमारे विद्यालय की संकल्पना का जन्म हुआ। और उस विद्यालय में हनुमान जी,जिनके प्रति बूजी में एकनिष्ठ भक्ति थी, की जाग्रत शक्ति हम सबको अंशांश में प्राप्त हो गयी l उन्हीं हनुमान जी की भक्ति भावना की छाया में हम लोग काम करते हैं l जब हमारा संकल्प भारत को परम वैभव के शिखर पर प्रतिष्ठित करने का है, तब हमारा कार्य, व्यवहार, विचार और चरित्र भी उसी महान लक्ष्य के अनुरूप होना चाहिए। 


प्रनवउँ पवनकुमार खल बन पावक ग्यान घन।

जासु हृदय आगार बसहिं राम सर चाप धर॥17॥


इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने गीता के सातवें अध्याय की चर्चा क्यों की, बूजी से आचार्य जी की हुई  किस बात का उल्लेख हुआ, भारतवर्ष की भक्ति किस प्रकार की है,किस समय सारणी की आवश्यकता की चर्चा हुई जानने के लिए सुनें

8.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्दशी / अमावस्या विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 8 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२७ वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्दशी / अमावस्या विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  8 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२७ वां* सार -संक्षेप


इस भारतभूमि में, जिसकी सोच में अन्य सभ्यताओं जैसा कोई दुराग्रह नहीं है,ऐसा अद्भुत आकर्षण और ऐसा चिरन्तन प्रकाश है कि संसार के अनेक लोग इसकी ओर आकृष्ट होकर आते रहे हैं। अनेक विधर्मी भी इसी आकर्षण से खिंचे चले आए। यह आकर्षण कुछ वैसा ही है, जैसे रात्रि में प्रज्वलित दीपक को देखकर पतंगे और भुनगे उसकी ओर खिंचे चले आते हैं। उनमें से कुछ उसकी लौ के आकर्षण में स्वयं भस्म हो जाते हैं, तो कुछ उस लौ को ही बुझाने का प्रयास करने लगते हैं।

भारत के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। यहाँ की आध्यात्मिक चेतना, ज्ञान-परम्परा, सांस्कृतिक समृद्धि और सनातन जीवनदृष्टि से आकर्षित होकर आने वालों में कुछ इस परम्परा में समाहित हो गए, तो कुछ ने इसकी भास्वरता को नष्ट करने का प्रयास किया। उन्होंने अनेक आघात किए, इसकी सांस्कृतिक अस्मिता को मिटाने की चेष्टा की, किन्तु भारत की चिरन्तन ज्योति को बुझा नहीं सके।

अकबर ने भी जब भारत की इस सनातन सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक ज्योति को अपने प्रभाव से आच्छादित करने की चेष्टा की, तब गोस्वामी तुलसीदास जी,जिन्होंने यह अनुभूति की कि वे परमात्मा के प्रतिनिधि हैं,के रूप में एक ऐसी प्रखर चेतना प्रकट हुई, जिसने जन-जन के हृदय में श्रीराम के आदर्शों की ज्योति प्रज्वलित कर दी।

गोस्वामी तुलसीदास जी ने श्रीरामचरितमानस के माध्यम से भारत की चिरन्तन सांस्कृतिक ज्योति को जन-जन के हृदय में प्रतिष्ठित किया।आचार्य जी हमें बारम्बार इसका अध्ययन करने की प्रेरणा देते हैं। हम इसमें आनन्द प्राप्त करें तत्पश्चात् चिन्तन प्रारम्भ करें l


प्रनवउँ पवनकुमार खल बन पावक ग्यान घन।

जासु हृदय आगार बसहिं राम सर चाप धर॥17॥

इसके अतिरिक्त अंग्रेजी के प्रति व्यामोह क्यों विनाशकारी है, अपनी भाषा अपने देश अपनी संस्कृति पर चिन्तन क्यों आवश्यक है,श्री अंजनी नन्दन जी शरण के द्वारा सम्पादित "मानस-पीयूष" (सात खंड ) जो श्रीरामचरितमानस की सबसे बृहत् टीका है और जो यह महान ग्रन्थ ख्यातिलब्ध रामायणियों, उत्कृष्ट विचारकों, तपोनिष्ठ महात्माओं एवं आधुनिक मानसविज्ञों की व्याख्याओं का एक अनुपम संग्रह है,मानस का हंस जो अमृत लाल नागर द्वारा रचित प्रसिद्ध उपन्यास है(१९७२ में प्रकाशित यह उपन्यास रामचरितमानस के रचनाकार  भावनासंपन्न गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर लिखा गया है। इस उपन्यास में तुलसीदास का जो स्वरूप चित्रित किया गया है, वह एक सहज मानव का रूप है।) की चर्चा आचार्य जी ने क्यों की, हमारी आंच कहां और क्यों आवश्यक है जानने के लिए सुनें l

7.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष त्रयोदशी / चतुर्दशी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 7 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२६ वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष त्रयोदशी / चतुर्दशी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  7 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२६ वां* सार -संक्षेप


आत्मस्थ होकर जब हम इन सदाचार वेलाओं का श्रवण करेंगे, तब आचार्य जी की विद्वत्तापूर्ण, भावपूर्ण एवं अर्थगर्भित शब्दावली हमें न केवल रुचिकर लगेगी, अपितु हमारे अंतर्मन को स्पर्श करते हुए चिंतन और आत्ममंथन के लिए भी प्रेरित करेगी।

हमारा भारतवर्ष अद्भुत ज्ञान-परम्पराओं, ऋषि-मुनियों के गहन चिंतन और जीवन को संस्कारित करने वाले शाश्वत मूल्यों की पावन भूमि है। यहाँ शब्द केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने और व्यक्ति के भीतर ईश्वरत्व जगाने का सामर्थ्य रखते हैं l


पवन गगन धरा वतन की देह है।

मगर वतन हमारा यह विदेह है।।


ये देश आदितत्व का प्रमाण है, 

जड़त्व में सजीव शक्ति प्राण है।

ये देश शौर्य शक्ति का निधान है,

समस्त विश्व का ये संविधान है।

यहाँ तो स्वर्ग-प्राप्ति भी सदेह है ॥१॥

पवन गगन  ---------

कि, आदि सृष्टि का ये मूल ठाँव है, 

यजन भजन सृजन का मूल गाँव है। 

यही समस्त शक्तियों का केन्द्र है, 

समय पे जागते यहीं नरेन्द्र हैं। 

अमूल्य इस धरा का अश्रु स्वेद है ॥५॥

पवन गगन  ---------

प्रेम और आत्मीयता हमारे देश के स्वभाव और संस्कृति के मूल आधार हैं। हमारा देश अध्यात्म आधारित देश है, लेकिन अध्यात्म का अर्थ केवल जीवन में ध्यान, पूजा-पाठ और साधना तक सीमित नहीं है। हमारा अध्यात्म हमें करुणा, प्रेम, त्याग और सेवा की प्रेरणा देता है, तो अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, राष्ट्र की रक्षा हेतु शौर्य पराक्रम और सामर्थ्य भी प्रदान करता है।हमें इसकी अनुभूति करनी ही चाहिए l

हम विश्व को आत्मीयता का संदेश देने वाले हों, लेकिन राष्ट्र की अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सदैव सजग और समर्थ भी हों। गोस्वामी तुलसीदास जी ने भी यही प्रेरणा दी l

भगवान राम हमारे आदर्श हैं 

प्रनवउँ पवनकुमार खल बन पावक ग्यान घन।

जासु हृदय आगार बसहिं राम सर चाप धर॥17॥

इस सोरठे में एक अत्यन्त महत्त्वपूर्ण संकेत है—हनुमान जी के हृदय में विराजमान श्रीराम केवल प्रेम और करुणा के प्रतीक नहीं, बल्कि धनुष-बाणधारी, अधर्म का विनाश करने वाले और धर्म की स्थापना के लिए सदैव तत्पर रहने वाले श्रीराम हैं।

इसके अतिरिक्त ब्रह्मसूत्र, पद्मपुराण,महर्षि अरविन्द (जन्म १५ अगस्त १८७२  ), महर्षि रमण ( जन्म ३० दिसंबर १८७९ ), प्रेमानन्द महाराज,भैया पवन जी, भैया पुनीत जी, भैया पंकज जी का उल्लेख क्यों हुआ जानने के लिए सुनें l

6.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष द्वादशी /त्रयोदशी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 6 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२५ वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष द्वादशी /त्रयोदशी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  6 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२५ वां* सार -संक्षेप


राजा भोज   पुत्र राजा सिन्धुराज जब बाल्यावस्था में थे और उन्हें राज्य मिलना था तब उनके चाचा मुंज ने ईर्ष्या वश उनकी हत्या का आदेश एक विश्वासपात्र के माध्यम से दे दिया l वध-स्थल पर उस विश्वासपात्र ने भोज की हत्या नहीं की l भोज ने अपने रक्त से एक छंद  लिखकर राजा मुंज के लिए भेजा, जिसने मुंज का दिल पिघला दिया:

मान्धाता च महीपतिः कृतयुगालङ्कारभूतो गतः,

सेतुर्येन महोदधौ विरचितः क्वासौ दशास्यान्तकः।

अन्ये चापि युधिष्ठिरप्रभृतयो याता दिवं भूपते,

नैकेनापि समं गता वसुमती मन्ये त्वया यास्यति॥

"हे राजन्! सतयुग की शोभा बढ़ाने वाले महान राजा मान्धाता भी इस दुनिया से चले गए। जिन्होंने विशाल समुद्र पर पुल बांधा था, वे रावण का वध करने वाले भगवान श्रीराम भी कहाँ रहे? युधिष्ठिर आदि अन्य महान राजा भी स्वर्ग सिधार गए। यह पृथ्वी इनमें से किसी के भी साथ नहीं गई, पर मुझे लगता है कि यह केवल आपके ही साथ जाएगी (यानी मृत्यु के बाद सब खाली हाथ जाते हैं)।"


जीवन की सार्थकता इस बात में नहीं है कि हमने कितना जीता, कितनी भूमि पर अधिकार किया और कितनी सम्पत्ति अर्जित की, बल्कि इसमें है कि हमने कितने लोगों का हृदय जीता और समाज, राष्ट्र को कितना सुन्दर बनाने में अपना योगदान दिया।हम ऋषित्व की अनुभूति करें इसी अनुभूति के आधार पर गोस्वामी तुलसीदास कहते हैं 

सोहमस्मि इति बृत्ति अखंडा। दीप सिखा सोइ परम प्रचंडा॥

आतम अनुभव सुख सुप्रकासा। तब भव मूल भेद भ्रम नासा॥1॥

शरीर नाशवान है यही ज्ञान है चिदानन्द रूपः शिवोऽहं शिवोऽहम् l

भगवान श्रीराम की भक्ति इतनी सामर्थ्यशाली और कल्याणकारी है कि भक्त का लक्ष्य केवल प्रभु के चरणों में प्रेम और समर्पण रखना होता है, तो ज्ञान के माध्यम से इतर उसे मुक्ति जैसे परम फल की प्राप्ति भी अनायास हो जाती है।हम रामत्व अर्थात् शौर्य पराक्रम तप त्याग निष्ठा लोकसंग्रह वचनबद्धता आदि की अनुभूति करें l विकारों का निरसन करें, स्वस्थ, प्रसन्न,आनन्दित रहें l चर्चा और प्रशंसा प्राप्त करना हमारे कर्म का उद्देश्य न हो; कर्म इतने श्रेष्ठ, सार्थक और लोकमंगलकारी हों कि हमको प्रसिद्धि के पीछे न भागना पड़े, कीर्ति स्वयं हमारा अनुसरण करे।

इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने भैया वीरेन्द्र त्रिपाठी जी, भैया डा दीपक जी, भैया डा पंकज जी का उल्लेख क्यों किया जानने के लिए सुनें l

5.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष एकादशी / द्वादशी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 5 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२४ वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष एकादशी / द्वादशी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  5 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२४ वां* सार -संक्षेप


नया जन्म लेने और मृत्यु के बीच का यह संसार अत्यन्त रोचक, मोहक और कर्म की प्रेरणा देने वाला है। वास्तव में यह संसार अद्भुत है। इस संसार का सार यही है कि हम निरन्तर कर्म करें, किन्तु उसके फल की इच्छा न करें। निष्काम भाव से कर्म करने की यह भावना भक्ति का उच्चतम शिखर है। ऋषि-मुनियों ने मनुष्यत्व की एक श्रेणी पार कर, मनुष्यत्व की गहन अनुभूति करते हुए, देवत्व को भी लाँघकर जब ईश्वरत्व की ओर अपनी दृष्टि उन्मुख की, तब उन्होंने अनुभव किया कि मनुष्य जीवन वस्तुतः कर्मशीलता का पर्याय है। इस दृष्टि से संसार केवल भोग का स्थान नहीं, अपितु एक परीक्षा-स्थल भी है।

जैसा कि  कवि रामनरेश त्रिपाठी  ने कहा है—

यह संसार मनुष्य के लिए एक परीक्षा-स्थल है,

दुःख है, प्रश्न कठोर देखकर होती बुद्धि विकल है।

किंतु स्वात्म बल-विज्ञ सत्पुरुष ठीक पहुँच अटकल से,

हल करते हैं प्रश्न सहज में अविरल मेधा-बल से।

अर्थात् जीवन में अनेक कठिनाइयाँ और चुनौतियाँ आती हैं, जो हमारी बुद्धि को विचलित कर सकती हैं; किन्तु आत्मबल से सम्पन्न और विवेकशील सत्पुरुष अपनी मेधा एवं धैर्य के बल पर उन परिस्थितियों का सहज समाधान खोज लेते हैं।

इसी संसार में एक अत्यन्त दिव्य स्थान भारत है, जिसका अपना विशिष्ट आकर्षण है। भारत केवल अपने वर्तमान के लिए ही नहीं, अपितु सम्पूर्ण विश्व के भविष्य के लिए भी आशा का केन्द्र है। इस पावन भूमि पर अनेक ऋषि-मुनि, त्यागी, तपस्वी और वीर महापुरुष हुए हैं, जिन्होंने अपने तप, त्याग, साधना और पराक्रम से भारत को पावन और भावन बनाया है। हमारा भी दायित्व है कि हम अपने आचरण, कर्म और साधना से इस भारतभूमि को और अधिक पावन बनाने का प्रयास करें। हम जो भी कार्य करें, वह ऐसा हो जो प्रशंसनीय हो और समाज, राष्ट्र के लिए उपयोगी सिद्ध हो। साधना अवश्य करें, किन्तु सिद्धि प्राप्त करने के लिए व्याकुल न हों; अपने कर्तव्य-पथ पर निरन्तर आगे बढ़ते रहें। हमें सदैव अपने मूल लक्ष्य का स्मरण रखना चाहिए हमारा लक्ष्य है 

*राष्ट्रनिष्ठा से परिपूर्ण समाजोन्मुखी व्यक्तित्व का उत्कर्ष*

इसके अतिरिक्त लीला और कला में क्या अन्तर है,आचार्य जी ने अपनी रचित किस कविता का उल्लेख किया जानने के लिए सुनें l

4.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष दशमी / एकादशी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 4 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२३ वां* सार -संक्षेप

 आपने करम करि, हौं ही निबहौंगो तोपै,

हौं ही करतार, करतार तुम काहे के॥


प्रकृति के गुणों द्वारा ही समस्त कर्म होते हैं, किन्तु अहंकार से मोहित मनुष्य स्वयं को कर्ता मान लेता है। ईश्वर की सत्ता को स्वीकार करना और अपने कर्मों के उत्तरदायित्व से बचना, दोनों एक बात नहीं हैं। सच्चा समर्पण अहंकार छोड़ता है, पुरुषार्थ नहीं।

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष दशमी / एकादशी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार 4 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२३ वां* सार -संक्षेप

समुझत सरिस नाम अरु नामी। प्रीति परसपर प्रभु अनुगामी॥

नाम रूप दुइ ईस उपाधी। अकथ अनादि सुसामुझि साधी॥


नाम और रूप, दोनों ही उस परमात्मा की उपाधियाँ अर्थात् पहचान कराने के माध्यम हैं। परमात्मा स्वयं अनिर्वचनीय, अनादि और अनन्त है l नाम और रूप के माध्यम से हम उस अगम, अगोचर परमात्मा से जुड़ते हैं। भगवान का नाम केवल उच्चारण मात्र नहीं, बल्कि प्रभु तक पहुँचने और उनकी कृपा प्राप्त करने का अत्यन्त सहज एवं प्रभावशाली माध्यम है। मनुष्य श्रद्धापूर्वक,प्रेमपूर्वक, अनजाने में, किसी प्रसंगवश अथवा किसी भी भाव से प्रभु का नाम ले, वह नाम अपना मंगलकारी प्रभाव अवश्य छोड़ता है। यह नाम रूपात्मक जगत् वास्तव में अद्भुत है l किसी नाम को सुनते ही मन में अपार श्रद्धा, प्रेम और आत्मीयता उमड़ पड़ती है, तो किसी दूसरे नाम का स्मरण होते ही भय, आशंका या घृणा उत्पन्न हो जाती है।

यह नाम की अद्भुत शक्ति है कि वह केवल किसी व्यक्ति या वस्तु का परिचय नहीं कराता, बल्कि हमारे मन में उससे जुड़े भावों, स्मृतियों और अनुभूतियों को भी जाग्रत कर देता है। जब हम  भगवान राम का नाम लेते हैं तो केवल एक नाम का उच्चारण नहीं करते, बल्कि उनके आदर्शों का स्मरण करते हैं। जब हम उनके स्वरूप का ध्यान करते हैं तो केवल एक आकृति का ध्यान नहीं करते, बल्कि उनके शौर्य, पराक्रम,तप, त्याग,करुणा, मर्यादा,देश और समाज के लिए सदैव उन्मुख जीवन का चिंतन करते हैं।

“स्वतन्त्रता का कवच पहन

विश्वास जमाकर भाला में।

कूद पड़ा राणा प्रताप उस

समर-वह्नि की ज्वाला में॥”


हमारे हृदय में भी मातृभूमि के प्रति अगाध प्रेम, स्वाभिमान और समर्पण का भाव होना चाहिए। भारत माता की स्वतंत्रता, एकता, अखण्डता और गौरव की रक्षा के लिए हम भी अपना सर्वस्व अर्पित करने को तत्पर रहें। हमारा जीवन केवल अपने लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र की सेवा और उत्थान के लिए समर्पित हो। हम जाग्रत हों और अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक रुके नहीं l 


इसके अतिरिक्त कविता और गद्य में क्या अन्तर है, लक्ष्मण -गीता का उल्लेख क्यों हुआ जानने के लिए सुनें l

3.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष नवमी / दशमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 3 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२२ वां* सार -संक्षेप

 आयुःसत्त्वबलारोग्यसुखप्रीतिविवर्धनाः।

रस्याः स्निग्धाः स्थिरा हृद्या आहाराः सात्त्विकप्रियाः ॥


जो भोजन जीवन, स्वास्थ्य, मन की शुद्धता और आनन्द बढ़ाए, जो स्वादिष्ट, स्निग्ध, पौष्टिक और मन को भाने वाला हो — वही *सात्त्विक आहार* है।


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष नवमी / दशमी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार 3 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२२ वां* सार -संक्षेप



संस्कारशाला के रूप में संचालित ये सदाचार वेलाएँ अद्भुत हैं। आचार्य श्री ओम शंकर जी नित्य अपने प्रेरणादायी उद्बोधन के माध्यम से हमें जीवन के शाश्वत मूल्यों का बोध कराते हैं तथा सदाचरण की दिशा में अग्रसर होने की प्रेरणा देते हैं। यह हमारा परम सौभाग्य है कि हमें प्रतिदिन उनका सान्निध्य और मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।

परमात्मा ने हमें विशिष्टताओं से युक्त यह मनुष्य-शरीर प्रदान किया है। इसका उद्देश्य केवल खाना और सोना नहीं, अपितु समाज एवं राष्ट्र की सेवा करते हुए सम्पूर्ण विश्व के कल्याण के लिए कार्य करना है। हम सक्रिय हैं, समाजोन्मुखी हैं और विचारशील हैं। हमारे चिंतन का विस्तार अपने परिवार से लेकर समाज, राष्ट्र और सम्पूर्ण विश्व तक है।

जब हमारा शरीर सेवा और लोकमंगल का माध्यम है, तब इसकी देखभाल करना भी हमारा कर्तव्य है। शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और बुद्धि निर्मल रहेगी, तभी हम अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सामर्थ्य और सक्रियता के साथ कर सकेंगे। अतः शरीर को केवल भोग का साधन नहीं, बल्कि सेवा, साधना और लोककल्याण का माध्यम मानकर इसकी समुचित देखभाल करनी चाहिए। हमें शरीर के प्रति दुर्लक्ष्य नहीं करना है l

*शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्*


( महाकवि कालिदास के प्रसिद्ध संस्कृत महाकाव्य 'कुमारसंभवम्' (सर्ग ५, श्लोक ३३) ) 

हमें प्रातःकाल शीघ्र जागरण करना चाहिए l खाद्याखाद्य का विवेक रखना चाहिए l


इसके अतिरिक्त क्षणजीवी क्या सोच सकते हैं,PCOs की चर्चा क्यों हुई,भैया अक्षय अवस्थी जी, भैया वीरेन्द्र त्रिपाठी जी, भैया डा संतोष जी, भैया डा विवेक अग्रवाल जी का उल्लेख क्यों हुआ जानने के लिए सुनें l

2.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष अष्टमी / नवमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 2 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२१ वां* सार -संक्षेप

 मुक्तसङ्गोऽनहंवादी धृत्युत्साहसमन्वितः।

सिद्ध्यसिद्ध्योर्निर्विकारः कर्ता सात्त्विक उच्यते॥१८/२६ ॥


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष अष्टमी / नवमी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार 2 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२१ वां* सार -संक्षेप


संसार के इस कोलाहल भरे प्रपंच से, जहाँ नित्य नए राग-द्वेष, लोभ-मोह के जाल बुनते हैं,क्षण भर के लिए मुक्त होकर हम अंतर्मुखी हों। उस एकांत में, जब चित्त स्थिर और शांत हो, तब इन सदाचार  वेलाओं का श्रवण करें,इनके भीतर छिपे मर्म को,तत्त्व को अपने हृदय में धारण करें और उन्हें आचरण में उतारें l इसके पश्चात् हम अपने अधीनस्थों को, अपने शिष्यों को, अपनी संतानों को और अपने समस्त प्रियजनों को इसी प्रकार उद्बोधित करें l

संसार रूपी इस नाट्यमंच में हम परमात्मा द्वारा भेजे गए अभिनेता हैं l हमें तो बस अपना अभिनय पूरी निष्ठा, सात्विकता और अनहंवाद से करना है l जब कार्य सिद्ध हो जाए तो उछले नहीं, असिद्ध रह जाए तो टूटे नहीं। सफलता-असफलता में समान, निर्विकार रहें l सात्विक कर्ता के रूप में यशस्विता प्राप्त करें l हम आसक्ति (राग) से युक्त, कर्मों के फल को चाहने वाले , लोभी, दूसरों को कष्ट देने वाले स्वभाव के, हर्ष-शोक  में बह जाने वाले न बनें l चंचल, असभ्य, घमंडी, कपटी, दूसरों का अपमान करने वाले, प्रमादी, काम को बहुत टालने वाले भी न बनें l

इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने नई दिल्ली के रामलीला मैदान की चर्चा क्यों की, आदरणीय आनन्द आचार्य जी का उल्लेख क्यों हुआ, कल की बैठक में क्या नहीं हुआ, २५, ३९, ३२, १०० किस संदर्भ में आये जानने के लिए सुनें l

1.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष सप्तमी/अष्टमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 1 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९२० वां* सार -संक्षेप

 प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष सप्तमी/अष्टमी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार 1 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९२० वां* सार -संक्षेप


इन सदाचार वेलाओं को सुनकर हम उनके भावों में निमग्न हों, उन भावों को अपने विचारों में संचरित करें और तत्पश्चात् उन्हें अपने व्यवहार में उतारकर अपने जीवन को सदाचारमय बनाएँ l आचार्य जी परामर्श दे रहे हैं कि हम अपने भीतर स्थित परमात्मतत्त्व को पहचानें और उसी परमात्मतत्त्व का दर्शन समस्त प्राणियों में करें। क्योंकि जो सभी प्राणियों को अपने समान देखता है, वही वास्तविक अर्थों में पण्डित है।अर्थात् जो दूसरों के सुख-दुःख को अपने सुख-दुःख के समान अनुभव करता है l इस अनुभूति को अपने विचारों और व्यवहार में उतारना ही सदाचार वेलाओं की वास्तविक सार्थकता है। वास्तव में इस सम्पूर्ण सृष्टि की रचना परमात्मा ने की है। अतः हम इस सृष्टि में उपलब्ध संसाधनों का त्यागभाव से उपभोग करें, किसी के धन-संपत्ति का लोभ न करें और अपनी आवश्यकताओं को मर्यादित रखते हुए जीवन व्यतीत करें। दूसरों के अधिकारों का सम्मान करें। किसी भी परिस्थिति में न हर्ष करें न विषाद l जैसे भगवान राम का उदाहरण हमारे सामने है 

सभय बिलोके लोग सब जानि जानकी भीरु।

हृदयँ न हरषु बिषादु कछु बोले रघुबीरु॥ २७०॥

(प्रसंग है -सीता स्वयंवर में श्रीरामजी शिवजी के धनुष को तोड़ देते हैं।

परशुरामजी के क्रोध और उनके स्वभाव को जानकर राजा जनक, अन्य राजा, मुनि तथा उपस्थित सभी लोग भयभीत हो जाते हैं। सीताजी भी चिंतित हो जाती हैं।ऐसी परिस्थिति में भी भगवान राम के हृदय में न हर्ष था, न विषाद।)

उपनिषदों की चर्चा करते हुए आचार्य जी ने आचार्य विनोबा भावे का उल्लेख किया आचार्य विनोबा भावे ने अपनी पुस्तक 'उपनिषद् : एक अध्ययन' की प्रस्तावना में उपनिषदों के विषय में एक अत्यन्त गम्भीर बात कही है।

उनके शब्दों का सार है—

"उपनिषद् पुस्तक है ही नहीं, वह तो एक दर्शन है।"


वे आगे समझाते हैं कि उपनिषदों के दर्शन को शब्दों में व्यक्त करने का प्रयास किया गया है, लेकिन शब्द उस अनुभूति को पूरी तरह व्यक्त नहीं कर पाए । उनमें केवल निष्ठा के चिह्न उभरे हैं। उस निष्ठा को हृदय में धारण करके, शब्दों से आगे बढ़कर अनुभव करने पर ही उपनिषदों का वास्तविक बोध होता है। 

उन्होंने भगवद्गीता को अपनी माँ और उपनिषदों को अपनी माँ की माँ कहा था।

आचार्य विनोबा भावे ने अपने जीवन का अन्त प्रायोपवेशन (प्रायोपवेश) विधि से किया था।

इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने पंडित प्रदीप मिश्रा जी, जो मध्य प्रदेश के सीहोर के प्रसिद्ध कथावाचक हैं, की चर्चा क्यों की, भैया पंकज श्रीवास्तव जी से हुए आचार्य जी के संवाद को क्या करने की आवश्यकता है,उन्नाव की सभी छहों तहसीलों का उल्लेख किस संदर्भ में हुआ जानने के लिए सुनें l