प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक कृष्ण पक्ष सप्तमी/अष्टमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 1 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण
*१९२० वां* सार -संक्षेप
इन सदाचार वेलाओं को सुनकर हम उनके भावों में निमग्न हों, उन भावों को अपने विचारों में संचरित करें और तत्पश्चात् उन्हें अपने व्यवहार में उतारकर अपने जीवन को सदाचारमय बनाएँ l आचार्य जी परामर्श दे रहे हैं कि हम अपने भीतर स्थित परमात्मतत्त्व को पहचानें और उसी परमात्मतत्त्व का दर्शन समस्त प्राणियों में करें। क्योंकि जो सभी प्राणियों को अपने समान देखता है, वही वास्तविक अर्थों में पण्डित है।अर्थात् जो दूसरों के सुख-दुःख को अपने सुख-दुःख के समान अनुभव करता है l इस अनुभूति को अपने विचारों और व्यवहार में उतारना ही सदाचार वेलाओं की वास्तविक सार्थकता है। वास्तव में इस सम्पूर्ण सृष्टि की रचना परमात्मा ने की है। अतः हम इस सृष्टि में उपलब्ध संसाधनों का त्यागभाव से उपभोग करें, किसी के धन-संपत्ति का लोभ न करें और अपनी आवश्यकताओं को मर्यादित रखते हुए जीवन व्यतीत करें। दूसरों के अधिकारों का सम्मान करें। किसी भी परिस्थिति में न हर्ष करें न विषाद l जैसे भगवान राम का उदाहरण हमारे सामने है
सभय बिलोके लोग सब जानि जानकी भीरु।
हृदयँ न हरषु बिषादु कछु बोले रघुबीरु॥ २७०॥
(प्रसंग है -सीता स्वयंवर में श्रीरामजी शिवजी के धनुष को तोड़ देते हैं।
परशुरामजी के क्रोध और उनके स्वभाव को जानकर राजा जनक, अन्य राजा, मुनि तथा उपस्थित सभी लोग भयभीत हो जाते हैं। सीताजी भी चिंतित हो जाती हैं।ऐसी परिस्थिति में भी भगवान राम के हृदय में न हर्ष था, न विषाद।)
उपनिषदों की चर्चा करते हुए आचार्य जी ने आचार्य विनोबा भावे का उल्लेख किया आचार्य विनोबा भावे ने अपनी पुस्तक 'उपनिषद् : एक अध्ययन' की प्रस्तावना में उपनिषदों के विषय में एक अत्यन्त गम्भीर बात कही है।
उनके शब्दों का सार है—
"उपनिषद् पुस्तक है ही नहीं, वह तो एक दर्शन है।"
वे आगे समझाते हैं कि उपनिषदों के दर्शन को शब्दों में व्यक्त करने का प्रयास किया गया है, लेकिन शब्द उस अनुभूति को पूरी तरह व्यक्त नहीं कर पाए । उनमें केवल निष्ठा के चिह्न उभरे हैं। उस निष्ठा को हृदय में धारण करके, शब्दों से आगे बढ़कर अनुभव करने पर ही उपनिषदों का वास्तविक बोध होता है।
उन्होंने भगवद्गीता को अपनी माँ और उपनिषदों को अपनी माँ की माँ कहा था।
आचार्य विनोबा भावे ने अपने जीवन का अन्त प्रायोपवेशन (प्रायोपवेश) विधि से किया था।
इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने पंडित प्रदीप मिश्रा जी, जो मध्य प्रदेश के सीहोर के प्रसिद्ध कथावाचक हैं, की चर्चा क्यों की, भैया पंकज श्रीवास्तव जी से हुए आचार्य जी के संवाद को क्या करने की आवश्यकता है,उन्नाव की सभी छहों तहसीलों का उल्लेख किस संदर्भ में हुआ जानने के लिए सुनें l