13.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष चतुर्थी / पञ्चमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 13 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३२ वां* सार -संक्षेप

 भरत चरित करि नेमु तुलसी जो सादर सुनहिं।

सीय राम पद पेमु अवसि होइ भव रस बिरति॥


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष चतुर्थी / पञ्चमी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  13 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३२ वां* सार -संक्षेप


परमात्मा जो कुछ करता है, हमारे कल्याण के लिए ही करता है। उसकी प्रत्येक व्यवस्था के पीछे कोई न कोई शुभ उद्देश्य निहित होता है। हमें यह भाव रखना चाहिए कि सब कुछ परमात्मा की इच्छा और कृपा से हो रहा है।जब हम यह मानने लगते हैं कि सब कुछ हम ही कर रहे हैं, हमारे ही प्रयासों से हो रहा है, तब अहंकार जन्म लेता है और परिस्थितियाँ हमारे मन के अनुकूल न होने पर उलझनें उत्पन्न होने लगती हैं।

अतः हमारा भाव यह हो कि कर्ता परमात्मा है, हम तो उसके निमित्त मात्र हैं। हमें अपना कर्तव्य पूरी निष्ठा से करते हुए परिणाम को उसकी इच्छा पर छोड़ देना चाहिए l जो परमात्मा करता है, अच्छा ही करता है; हमारी सीमित बुद्धि तत्काल उसका मर्म नहीं समझ पाती। यही तो दिव्य भारत का चिन्तन है जिसका अतीत स्वर्णिम रहा है। इसके इतिहास में शौर्य, पराक्रम, त्याग, तपस्या और विजय की असंख्य गौरवगाथाएँ अंकित हैं। इसकी ज्ञान-परम्परा, जीवन-दृष्टि और सांस्कृतिक चेतना सम्पूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक बनने की क्षमता रखती हैं।

समस्त विश्व भारत की ओर आशा और अपेक्षा से देख रहा है और उसे देखना भी चाहिए, क्योंकि केवल भारत के पास सम्पूर्ण विश्व के कल्याण का विचार और सामर्थ्य  है इसकी आर्ष परम्परा अद्भुत एवं कल्याणकारी है। यह परम्परा मनुष्य के सर्वांगीण कल्याण का सामर्थ्य रखती है। यह मनुष्य को मनुष्यत्व का बोध कराती है। यह बताती है कि हम जितना अधिक संसार के प्रपंचों में लिप्त रहेंगे उतना ही व्याकुल रहेंगे, द्रष्टा भाव रखें,थोड़ा समय स्वाध्याय, आत्मचिन्तन, मनन और ध्यान के लिए निकालें, ताकि हम अपने भीतर विद्यमान परमात्म तत्त्व को पहचान सकें,अपने भीतर सुभावों और सद्प्रवृत्तियों को कभी छूटने न दें तथा कुभावों और दुर्वृत्तियों से सदैव सावधान रहें।

इसके अतिरिक्त भैया त्रिलोचन जी, भैया अजय कृष्ण जी, लाल कृष्ण अडवाणी जी का उल्लेख क्यों हुआ, मानस कथा में भरत जी का कौन सा प्रसंग आचार्य जी ने बताया, किसने असामान्य धीरज प्रकट किया जानने के लिए सुनें l