12.11.26

प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष तृतीया / चतुर्थी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 12 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण *१९३१ वां* सार -संक्षेप

 भयं क्रोधमथालस्यमतिस्वप्नातिजागरम्।

अत्याहारमनाहारं नित्यं योगी विवर्जयेत् ॥ २८ ॥


प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष तृतीया / चतुर्थी विक्रमी संवत् २०८३  तदनुसार  12 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण

  *१९३१ वां* सार -संक्षेप


परमात्मा की लीलाएँ अद्भुत, अनन्त और अगम्य हैं। जब-जब कलुष, विकार और अज्ञान का अन्धकार बढ़ने लगता है तथा धर्म, संस्कृति और मानवीय मूल्यों पर संकट के बादल मँडराने लगते हैं, तब-तब परमात्मा इस पुण्यभूमि भारतवर्ष में ऐसे महापुरुषों को जन्म देता है, जो अपने अद्भुत कर्तृत्व, त्याग, तपस्या, शौर्य और पराक्रम से समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।


गुरु गोविन्द सिंह जी, छत्रपति शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप, स्वामी विवेकानन्द, गोस्वामी तुलसीदास, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी आदि असंख्य महापुरुष इसी दिव्य परम्परा के उज्ज्वल नक्षत्र हैं। किसी ने शौर्य और पराक्रम से धर्म एवं स्वाभिमान की रक्षा की, किसी ने अपने ज्ञान और साधना से समाज को जाग्रत किया, तो किसी ने संगठन और राष्ट्रचेतना का अलख जगाया। अद्भुत है हमारी ऋषि-परम्परा! यह एक सतत प्रवाहमान चेतना है, जो युग की आवश्यकता के अनुरूप महापुरुषों के माध्यम से प्रकट होती रहती है। यही भारत की सनातन शक्ति है, यही उसकी चिरन्तन विशेषता है।


ऐसी अद्भुत ऋषि-परम्परा वाली पुण्यभूमि में हमारा जन्म हुआ है, यह निश्चित ही परमात्मा की असीम कृपा है। इस सौभाग्य का बोध करते हुए हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम भी अपने श्रेष्ठ विचारों और सत्कर्मों के माध्यम से संसार की समस्याओं के समाधान में अपना योगदान देते चलें। अपने कर्तृत्व से समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी बनें,आहार विहार वाणी व्यवहार पर समुचित ध्यान दें,यश और कीर्ति अर्जित करने का प्रयास करें तथा जीवन में जो कुछ श्रेष्ठ, सार्थक और कल्याणकारी है, उसका आनन्द ग्रहण करें।


इसके अतिरिक्त अमृतनादोपनिषद् जो कृष्ण यजुर्वेद शाखा से संबंधित एक प्रमुख  उपनिषद है, जिसे बीस 'योग उपनिषदों' में गिना जाता है, का उल्लेख क्यों हुआ,भैया विवेक भागवत जी, भैया प्रवीण भागवत जी, भैया पंकज श्रीवास्तव जी,भैया मुकेश जी,श्रद्धेय ठाकुर चन्द्रपाल सिंह जी की चर्चा क्यों हुई,आनन्दमय जीवन को आचार्य जी ने कैसे परिभाषित किया, संगठन क्या है, शरीर बोझ कब बन जाता है जानने के लिए सुनें