चरन चोंच लोचन रंग्यो, चलै मराली चाल।
क्षीर नीर बिबरन समय, बक उघरत तेहि काल।।
यह दोहा बाहरी दिखावे और धोखे पर करारा प्रहार करता है। व्यक्ति चाहे कितना भी पाखंड या छल-छद्म कर ले, लेकिन जब वास्तविक परीक्षा या कठिन समय आता है, तो उसका असली चरित्र छिप नहीं पाता।
प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष सप्तमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 16 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण
*१९३५ वां* सार -संक्षेप
इन सदाचार वेलाओं के माध्यम से आचार्य जी हमारे भीतर उत्साह, सद्भाव और सद्प्रवृत्तियों के बीज बोते हैं। यह हमारा दायित्व है कि हम इनका पूरा लाभ उठाएँ। व्यक्त भावों को केवल सुनकर छोड़ न दें, अपितु उन पर विचार करें और उन्हें अपने आचरण एवं व्यवहार में उतारें।
हमारे देश भारत का ज्ञान-विज्ञान अत्यन्त अद्भुत, व्यापक और समृद्ध रहा है किन्तु दुर्भाग्य है कि हममें से अधिकांश लोग अज्ञानता वश अपनी इस गौरवशाली ज्ञान-परम्परा को विस्मृत करते जा रहे हैं। यह विस्मृति हमारे लिए चिन्ता का विषय है। हमें इस स्थिति को परिवर्तित करने के लिए अपने स्तर से अवश्य प्रयास करने चाहिए। अपनी प्राचीन ज्ञान-सम्पदा का अध्ययन करें, उसे समझें, उसके महत्त्व को आत्मसात् करें और उसे वर्तमान पीढ़ी तक पहुँचाएँ।
गंगा, गीता और गायत्री को अपनी जीवनधारा, जीवन-दृष्टि और साधना का आधार मानने वाले इस देश, जिसे किसी भी पंथ के व्यक्ति से कभी द्रोह नहीं रहा, में पूर्णतः अंधकार न कभी हुआ है और न कभी होगा। हम सब उस अंधकार में जलते हुए ऐसे दीपक हैं, जो कितना प्रकाश फैला रहे हैं, इसका आकलन तो समय ही करेगा; किन्तु हमारा प्रकाश कम-से-कम लोगों को ठोकर खाने से बचा सकता है।
यह हमारा दायित्व है कि हम अपने अस्तित्व और व्यक्तित्व को सद्गुणों, संस्कारों, ज्ञान और सत्कर्मों से प्रकाशित करें। यदि हम स्वयं नहीं जलेंगे, अपने आचरण से प्रकाश नहीं फैलाएँगे, तो हम भी मार्ग में पड़ी उस वस्तु के समान हो जाएँगे, जिससे लोग ठोकर खाकर गिरते हैं।
अतः हमारा दायित्व केवल अंधकार की चर्चा करना नहीं, अपितु अपने हिस्से का दीपक जलाना है।
इसके अतिरिक्त जवानी कविता द्वारा आचार्य जी ने किन भावों को व्यक्त किया,कामधेनु तन्त्रम् में किस पटल में म और र की चर्चा है,ओमान में खेले गए अंडर -१९ क्रिकेट एशिया कप फाइनल में भारत की जीत के उल्लेख में आचार्य जी ने क्या बताया,जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी के कथा वाचन को सुनने का सौभाग्य २०२७ में हमें कहां मिल सकता है,देश सेवा क्या है जानने के लिए सुनें l