प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष अष्टमी ( गोपाष्टमी )विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 17 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण
*१९३६ वां* सार -संक्षेप
भारतवर्ष ऋषियों की पावन भूमि है। यह केवल भौगोलिक सीमाओं में बँधा हुआ एक देश नहीं, अपितु ऋषियों के तप, त्याग, ज्ञान, साधना और दिव्य चिन्तन से निर्मित एक अद्भुत सभ्यता है। यहाँ ऋषि केवल आध्यात्मिक मार्गदर्शक ही नहीं रहे, अपितु समाज और राष्ट्र को दिशा देने वाले प्रखर दृष्टा भी रहे हैं। वे प्रसन्न होते हैं तो अपनी तपस्या, ज्ञान और आशीर्वाद से लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं और जब धर्म तथा मर्यादा का उल्लंघन होता है, तब उनका क्रोध भी लोकहित और धर्म की स्थापना का माध्यम बनता है। राजा वेन को अपदस्थ किए जाने का प्रसंग इसका एक महत्त्वपूर्ण उदाहरण है। यह बताता है कि भारतीय परम्परा में सत्ता निरंकुश नहीं थी; धर्म और लोकमंगल उससे भी ऊपर थे।
हमारी आर्ष परम्परा चिन्तन, मनन और निदिध्यासन की एक दीर्घ परम्परा है। यह मनुष्य को सत्य की अनुभूति तक पहुँचाती है। ब्रह्म और जीव, प्रकृति और पुरुष के बीच के संबन्ध का बोध कराने में ऋषियों की दृष्टि का अद्वितीय योगदान रहा है। ऋषि की कल्पनाशक्ति इतनी प्रखर होती है कि वह दृश्य जगत् से आगे बढ़कर अदृश्य और सूक्ष्म सत्यों का भी बोध कर लेता है।भारत की विशेषता यह भी है कि यहाँ जीवन को केवल मनुष्य तक सीमित करके नहीं देखा गया। सम्पूर्ण चराचर जगत्—पशु-पक्षी, जीव-जन्तु, वनस्पति, पर्वत, नदियाँ और प्रकृति के प्रत्येक तत्त्व—को महत्त्वपूर्ण स्थान दिया गया है l इसी भावभूमि में गौ को अत्यन्त पवित्र और पूजनीय स्थान प्राप्त हुआ। गौ केवल एक पशु नहीं, अपितु भारतीय जीवन-दर्शन में मातृत्व, पोषण, करुणा, समृद्धि और त्याग की प्रतीक है। उसका महत्त्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पारिवारिक जीवन और पर्यावरणीय सन्तुलन से भी संयुत है।
धेनु रूप धरि हृदयँ बिचारी। गई तहाँ जहँ सुर मुनि झारी॥
निज संताप सुनाएसि रोई। काहू तें कछु काज न होई॥
इस प्रसंग में गौ का रूप अत्यन्त अर्थपूर्ण है l
दुर्भाग्यवश हममें से अधिकांश गौ को बोझ मानने लगे l हमें इस दृष्टिकोण से बचना चाहिए।
इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने गोपद त्रिरात्र व्रत,गोपद्म व्रत, गोपाल नवमी, गोपाष्टमी की चर्चा क्यों की, दिनेश गुप्त जी के टाइपिंग स्कूल का उल्लेख क्यों हुआ, Federalism किस प्रसंग में आया जानने के लिए सुनें l