कातिक की राति थोरी-थोरी सियराति,
'सेनापति' है सुहाति, सुखी जीवन के गन हैं।
फूले हैं कुमुद, फूली मालती सघन बन,
फूलि रहे तारे मानो मोती अनगन हैं।
(रीतिकालीन कवि सेनापति के प्रसिद्ध ग्रंथ 'कवित्त रत्नाकर' के षट्ऋतु वर्णन 'शरद ऋतु' का एक अत्यंत लोकप्रिय छंद )
प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष नवमी
(कूष्माण्ड नवमी / अक्षय नवमी / आँवला नवमी)
विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 18 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण
*१९३७ वां* सार -संक्षेप
आचार्य जी का नित्य प्रयास रहता है कि हम अपनी गौरवशाली परम्परा से जुड़े रहें, उसके ज्ञान, दर्शन और जीवन-मूल्यों को समझें तथा उन्हें अपने आचरण में स्थान दें। हमारा सनातन धर्म, हमारी ज्ञान-परम्परा, हमारा दर्शन और हमारा राष्ट्रबोध अद्भुत एवं विलक्षण हैं। हमारा ज्ञान धर्ममय है, जीवन को दिशा देने वाला है। आवश्यकता इस तथ्य की है कि हम इस अमूल्य धरोहर को विस्मृत न करें और यह परम्परा हमसे कभी छूटने न पाए।
इतने उत्थान-पतन, संघर्षों और प्रतिकूल परिस्थितियों के पश्चात् भी सनातन धर्म केवल जीवित ही नहीं,अपितु जाग्रत भी है। समय-समय पर यह नई ऊर्जा के साथ पुनः अभिव्यक्त होता रहा है। आज भी विभिन्न रूपों में इसका विस्तार हो रहा है। विश्व में इसके ज्ञान, दर्शन और जीवन-पद्धति के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है।
ऐसे समय में हमारा दायित्व और भी बढ़ जाता है कि हम अध्ययन,स्वाध्याय, चिन्तन, मनन,लेखन करें हम अपनी अर्पण समर्पण वाली यज्ञमयी संस्कृति,अपनी परम्परा को जानें, समझें, उस पर गर्व करें और उसके शाश्वत मूल्यों को अपने जीवन में उतारें। जैसे हम संकल्प करते समय कहते हैं
ॐ विष्णुर्विष्णुर्विष्णुः श्रीमद्भगवतो महापुरुषस्य विष्णोराज्ञया प्रवर्तमानस्य अद्य ब्रह्मणो द्वितीयपरार्धे श्रीश्वेतवाराहकल्पे वैवस्वतमन्वन्तरे अष्टाविंशतितमे कलियुगे कलिप्रथमचरणे भूर्लोके जम्बूद्वीपे भरतवर्षे भारतखण्डे आर्यावर्तान्तर्गत-पुण्यक्षेत्रे...
आचार्य जी के ये नित्य प्रयास इसी सांस्कृतिक चेतना को जाग्रत रखने और अगली पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्त्वपूर्ण माध्यम हैं।
इसके अतिरिक्त शारदा और कालिन्दी कौन हैं, रौनक जी ने क्या भेजे, कार्तिक मास की क्या महत्ता है, स्वभाव से योगी कौन है,२६ से ३० नवम्बर को होने वाले कार्यक्रम के लिए आचार्य जी ने क्या परामर्श दिया जानने के लिए सुनें l