मैं अध्यात्म-शौर्य का मंगल गायक हूँ,
मानव-जीवन का सुख-शान्ति प्रदायक हूँ।
उत्पति पालन प्रलय कथा का ज्ञाता हूँ,
निज जीवन का मैं ही भाग्यविधाता हूँ।
निर्माणों के लिए सदैव महारत हूँ,
भारत हूँ, मैं भारत हूँ, मैं भारत हूँ।।
प्रस्तुत है *आचार्य श्री ओम शङ्कर जी* का आज कार्तिक शुक्ल पक्ष नवमी / दशमी विक्रमी संवत् २०८३ तदनुसार 19 नवम्बर 2026 का सदाचार संप्रेषण
*१९३८ वां* सार -संक्षेप
हमारी भाषा, हमारी लिपि और हमारे ज्ञान-परम्परा के सूत्र अद्भुत हैं। भारत की संस्कृति, उसका दर्शन और उसका जीवन-बोध अपने आप में अनुपम है।हम तत्त्व, शक्ति, विश्वास,, संयम, साधना, सेवा हैं l ऐसी अद्भुत हमारी शिक्षा रही है जो हमें व्याकुलता से दूर करती है l दुर्भाग्य यह है कि हम लोगों में कुछ लोग कभी-कभी धन और भौतिक सुविधाओं की खोज में अपनी भूमि और परिवेश छोड़कर अन्यत्र बस जाते हैं। किन्तु वहाँ पहुँचकर भी उनके मन में एक रिक्तता और व्याकुलता बनी रहती है। इसी कारण आचार्य जी हम शिष्यों के लिए नित्य यही प्रयास करते हैं कि हम अपनी गौरवशाली परम्परा से संयुत रहें ताकि भटकें नहीं l
ॐ सह नाववतु।
सह नौ भुनक्तु।
सह वीर्यं करवावहै।
तेजस्विनावधीतमस्तु मा विद्विषावहै।
ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ॥
भारत गुरु और शिष्य का एक व्यावहारिक स्वरूप है l भारतीय गुरु-शिष्य परम्परा और आदर्श पितृत्व का एक अत्यन्त प्रेरणादायक सिद्धान्त है
सर्वतो जयमन्विच्छेत्
पुत्राच्छिष्यात् पराजयम्।
मनुष्य को संसार के सभी क्षेत्रों में विजय प्राप्त करने की इच्छा रखनी चाहिए, किन्तु अपने पुत्र और शिष्य से पराजित होने की इच्छा रखनी चाहिए। पिता और गुरु का ऐसा ही स्वभाव होना चाहिए l
हमारी वास्तविक सफलता इसमें नहीं है कि हमने जीवन में कितनी ऊँचाइयाँ प्राप्त कीं, अपितु इसमें है कि हमने अपने पश्चात् आने वाली पीढ़ी को हमसे भी अधिक ऊँचाइयों तक पहुँचने योग्य बनाया।
इसके अतिरिक्त आचार्य जी ने हमारी युगभारती संस्था के लिए क्या विशेष परामर्श दिए,आचार्य रघुवीर, राहुल सांकृत्यायन जिनका मूलमंत्र घुमक्कड़ी रहा का उल्लेख क्यों हुआ,हम जगत् के प्राण कैसे हैं जानने के लिए सुनें l